वाहन चलाते वक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतें - गृह मंत्री डॉ. मिश्रा
भोपाल
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये वाहन चालकों से सतर्कता एवं सावधानी बरतने का आव्हान किया है। वे बस स्टैण्ड, दतिया में आयोजित सड़क सुरक्षा अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वाहन-चालन में थोड़ी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का रूप ले लेती है और असमय ही दुर्घटना का शिकार व्यक्ति काल के गाल में समा जाता है। डॉ. मिश्रा ने समारोह में छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क ड्रायविंग लायसेंस और दिव्यांग यात्रियों को यात्रा रियायत पत्र वितरित किये।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा आयोजित 32वें सड़क सुरक्षा अभियान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वाहनों की गति और संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने से सड़क दुर्घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। हम सभी मिलकर इसमें कमी ला सकते हैं, बशर्ते कि हम सभी नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएँ वाहन चलाते वक्त मोबाईल पर बात करने एवं नशे में वाहन चलाने के कारण होती हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि वाहन चलाते वक्त सड़क पर चलने वाले व्यक्ति के साथ-साथ हमें अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखना है। सावधानी एवं सतर्कता के साथ यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहनों को चलाये, जिससे सड़क दुर्घटना में कमी आ सकती है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला परिवहन अधिकारी मती स्वाती पाठक ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 17 जनवरी से 18 फरवरी तक सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की समझाइश दी गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकें।
ड्रायविंग लायसेंस और यात्रा रियायत पत्र वितरित
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कार्यक्रम के दौरान 8 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ड्रायविंग लायसेंस और 6 दिव्यांग यात्रियों को यात्री बसों में किराये में 50 प्रतिशत रियायत के पत्र प्रदाय किये। इस अवसर पर वाहन चलाकों को हेलमेट भी प्रदाय किये गये।
इस अवसर पर पूर्व विधायकगण डॉ. आशाराम अहिरवार, प्रदीप अग्रवाल के साथ ही सुरेन्द्र सिंह बुधोलिया, प्रशांत ढेंगुला, डॉ. सलीम कुरैशी, अतुल भूरे चौधरी, जीतू कमरिया सहित अन्य जन-प्रतिनिधि व गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता मनोज द्धिवेदी ने किया।

पाठको की राय